
हिंदू महासभा अध्यक्ष अरुण जायसवाल के निधन पर राज्यसभा सांसद एवं झामुमो नेताओं ने जताया शोक
Ayush Kumar @ united palamu
महुआडांड़ : महुआडांड़ के पूर्व हिंदू महासभा अध्यक्ष तथा भाजपा मंडल अध्यक्ष अमित कुमार जायसवाल के पिता अरुण जायसवाल का आज निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वे वर्तमान हिंदू महासभा अध्यक्ष मनोज जायसवाल तथा महुआडांड़ अनुमंडल सांसद प्रतिनिधि संजय जायसवाल के भाई थे। परिजनों के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार कल (गुरुवार) को किया जाएगा।
अरुण जायसवाल के निधन पर राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम तथा झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय सदस्य सुदामा प्रसाद ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की है।
नेताओं ने कहा कि अरुण जायसवाल का असमय जाना समाज और हिंदू महासभा के लिए एक अपूरणीय क्षति है। वे जीवन पर्यंत सामाजिक और धार्मिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेते रहे और क्षेत्र के विकास व जनकल्याण के लिए सदैव समर्पित रहे। उनका परिवार पीढ़ियों से समाज सेवा की मिसाल रहा है; उनके पिताजी स्वर्गीय राजकुमार जायसवाल भी हिंदू महासभा के अध्यक्ष रह चुके थे और उसी सेवा परंपरा को अरुण जायसवाल ने पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ाया।
नेताओं और स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।





