
25 साल से सड़क को तरस रहा कढ़ीमा गांव, युवाओं ने संभाली कमान
Latehar : जिले के ग्राम कढ़ीमा में ग्रामीण पिछले लगभग 25 वर्षों से सड़क की समस्या से जूझ रहे थे। लंबे समय से ग्रामीण सड़क निर्माण की मांग करते आ रहे थे, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया। ग्रामीणों का कहना है कि विधायक और सांसद तक अपनी बात पहुंचाने के बावजूद उन्हें कोई ठोस राहत नहीं मिली।
लगातार जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाने के बाद भी जब समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो युवा आजसू जिला प्रभारी, लातेहार मुकेश यादव ने खुद आगे आकर जिम्मेदारी उठाई। उन्होंने अपने स्तर से मोरम डलवाकर सड़क को चलने लायक बनाने की पहल की, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके।
मुकेश यादव ने कहा कि जब जनता की बुनियादी समस्याओं पर सुनवाई नहीं होती, तो एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते अपनी क्षमता के अनुसार पहल करना जरूरी है। सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं जनता का अधिकार हैं, कोई एहसान नहीं।उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ग्राम कढ़ीमा के ग्रामीणों को सड़क के लिए कितने वर्षों तक इंतजार करना पड़ेगा? लगभग 25 वर्षों से सड़क की समस्या बनी हुई है, लेकिन आज भी ग्रामीणों को बुनियादी सुविधा के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
मुकेश यादव ने कहा कि यह पहल किसी राजनीतिक प्रतिस्पर्धा के लिए नहीं, बल्कि ग्रामीणों की परेशानी कम करने के उद्देश्य से की गई है। हालांकि, स्थायी सड़क निर्माण की जिम्मेदारी संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों की है। प्रशासन से मांग है कि ग्राम कढ़ीमा में जल्द से जल्द पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए।





