
नगर निकाय चुनाव में देरी के खिलाफ भाजपा ने किया धरना प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

Rahul Kumar @ united palamu
लातेहार: झारखंड सरकार द्वारा नगर निकाय चुनाव में हो रही देरी और ईवीएम से दलीय आधार पर चुनाव नहीं कराने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल लातेहार के नेतृत्व में बुधवार, 7 जनवरी 2026 को लातेहार नगर पंचायत परिसर में एक दिवसीय महाधरना आयोजित किया गया। धरना का नेतृत्व नगर मंडल अध्यक्ष विवेक चंद्रवंशी ने किया।
जिला प्रशासक के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा गया।
धरना के उपरांत भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड के महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासक, नगर पंचायत लातेहार के माध्यम से सौंपा।
धरना को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक हरि कृष्ण सिंह ने कहा कि हेमंत सरकार चुनाव से डर रही है और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को जानबूझकर कुचल रही है। पूर्व जिलाध्यक्ष राजधानी प्रसाद यादव ने कहा कि दो वर्षों से अधिक समय तक नगर निकाय चुनाव नहीं कराना सरकार की जनविरोधी मानसिकता को दर्शाता है।

जनता को उनके संवैधानिक अधिकारों से वंचित किया जा रहा है:पंकज सिंह
जिला अध्यक्ष पंकज सिंह ने इसे लोकतंत्र के खिलाफ बताते हुए कहा कि जनता को उनके संवैधानिक अधिकारों से वंचित किया जा रहा है।जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी ने कहा कि चुनाव न कराना महिलाओं और आम जनता के अधिकारों का हनन है। निवर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष सीतामनी तिर्की ने आरोप लगाया कि सरकार अफसरशाही थोपकर स्थानीय स्वशासन को कमजोर कर रही है। भाजपा नेत्री कल्याणी पाण्डेय और नेता राजीव रंजन पाण्डेय ने कहा कि सरकार संभावित हार के डर से चुनाव टाल रही है।जिला मीडिया प्रभारी मुकेश पांडेय ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र नगर निकाय चुनाव की घोषणा नहीं की गई तो भाजपा चरणबद्ध आंदोलन करेगी। धरना का संचालन जिला महामंत्री बंशी यादव ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन जिला सांसद प्रतिनिधि सह जिला महामंत्री अमरेश सिंह ने किया। धरना में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नगरवासी उपस्थित रहे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।





