व्यवस्था सुधारें वरना सड़क पर उतरेगा आजसू,आंदोलन तय:मुकेश यादव

आदिवासी बालिका छात्रावास की बदहाल व्यवस्था पर भड़का युवा आजसू,उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

लातेहार:अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) के युवा इकाई ने आदिवासी बालिका छात्रावास की अत्यंत दयनीय एवं चिंताजनक स्थिति को लेकर गुरुवार को उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा।युवा आजसू के जिला प्रभारी मुकेश यादव और नीरज यादव के नेतृत्व में संगठन के कार्यकर्ताओं ने छात्रावास से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। ज्ञापन में बताया गया कि छात्रावास में रह रही छात्राओं को कई गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।छात्रावास में भोजन व्यवस्था बेहद खराब बताई गई है। आरोप है कि छात्राओं को न तो पर्याप्त मात्रा में और न ही गुणवत्तापूर्ण भोजन मिल रहा है। कई बार उन्हें अपने खर्च से सब्जी, चावल और अन्य आवश्यक सामग्री खरीदनी पड़ती है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए गए हैं। छात्रावास में न तो पर्याप्त संख्या में गार्ड हैं और न ही वार्डेन द्वारा अपनी जिम्मेदारियों का समुचित निर्वहन किया जा रहा है, जिससे छात्राओं की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है।इसके अलावा, छात्रावास परिसर में साफ-सफाई की स्थिति भी काफी खराब है, जिससे छात्राओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई है। पानी सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का अभाव प्रशासन की उदासीनता को दर्शाता है।मुकेश यादव और नीरज यादव ने कहा कि यह स्थिति छात्राओं के भविष्य, सुरक्षा और सम्मान के साथ गंभीर समझौता है। उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आदिवासी हितों की बात करने वाली सरकार के दावे जमीनी स्तर पर खोखले साबित हो रहे हैं।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द से जल्द छात्रावास की व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो युवा आजसू चरणबद्ध आंदोलन करने को बाध्य होगा।
संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि छात्रावास में गुणवत्तापूर्ण भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, सुरक्षा के लिए गार्ड और जिम्मेदार वार्डेन की नियुक्ति की जाए, साफ-सफाई एवं स्वास्थ्य सुविधाओं को दुरुस्त किया जाए तथा सभी मूलभूत सुविधाओं को तत्काल प्रभाव से बहाल किया जाए।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!