
भव्य कलश यात्रा के साथ श्री संकट मोचन भवानी मंदिर का द्वितीय वार्षिक उत्सव शुरू
लातेहार: शहर के जुबली चौक स्थित श्री संकट मोचन भवानी मंदिर में द्वितीय वार्षिक उत्सव सोमवार को भव्य कलश यात्रा के साथ श्रद्धा और उत्साह के माहौल में प्रारंभ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में झामुम केंद्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व मंत्री बैजनाथ राम उपस्थित रहे। उनके साथ मंदिर अध्यक्ष निर्मल महलका, राजधानी प्रसाद यादव, सुनील प्रसाद, ध्रुव पांडे, सुरेश प्रसाद, प्रदीप प्रसाद, राकेश सोन्डिक सहित सैकड़ों श्रद्धालु एवं महिलाओं ने भाग लिया।कलश यात्रा में मुख्य यजमान साकेत प्रसाद अपनी पत्नी के साथ शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने नगर भ्रमण करते हुए “जय श्री राम” के नारों से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। यात्रा चाणक्य नगरी स्थित ओरगा नदी पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ कलश में गंगाजल भरा गया।
इसके बाद सभी श्रद्धालु मंदिर परिसर पहुंचे, जहां पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद का वितरण किया गया। पूरे आयोजन के दौरान भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला और मंदिर परिसर भक्ति भाव से सराबोर रहा।





