देश भर में स्कूलों व हाई कोर्ट को बम की धमकी देकर दहशत फैलाने वाला आरोपी मैसूर से गिरफ्तार

New Delhi : दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में स्कूलों, हाई कोर्ट और सरकारी ऑफिसों में बम की धमकी देकर दहशत फैलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. दिल्ली पुलिस ने आरोपी युवक को कर्नाटक के मैसूर से दबोचा है. पकड़े गए आरोपी की पहचान 47 वर्षीय श्रीनिवास लुईस के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी को कर्नाटक पुलिस की सहायता से दबोचा है. आरोपी के पास से एक लैपटॉप और कई सिम कार्ड बरामद किए गए हैं. इन सभी को जब्त कर लिया गया है.

बताया जा रहा है कि पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसे मैसूर कोर्ट में पेश किया, जहां से ट्रांजिट रिमांड पर पुलिस उसे दिल्ली लेकर आ रही है. आरोपी से आगे की पूछताछ दिल्ली में की जाएगी. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने अकेले ही यह कृत्य किया या इसमें उसका कोई साथी भी शामिल था. दिल्ली पुलिस के मुताबिक, आरोपी के लैपटॉप को खंगाला जा रहा है. अभी तक की जांच में 1,100 ई-मेल भेजे जाने की बात सामने आई है. आरोपी ने ये ई-मेल क्यों भेजे, इसके पीछे उसका क्या मकसद था. ऐसे ही कई सवालों के जवाब के लिए आरोपी से जल्द पूछताछ शुरू की जाएगी.

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के एक अधिकारी के मुताबिक, आरोपी श्रीनिवास लुईस को गुरुवार को मैसूर के वृंदावन लेआउट में स्थित एक मकान से पकड़ा गया है. जांच करने पर पता चला है कि आरोपी पहचान छिपाने के लिए अलग-अलग जगहों से धमकी भरे ई-मेल और मैसेज भेजता था. दिल्ली हाई कोर्ट के जज को भी आरोपी द्वारा एक धमकी भरा ई-मेल भेजा गया था. जज की शिकायत के बाद अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया. अधिकारी ने बताया कि, कई हफ्तों तक चली तकनीकी पड़ताल के बाद श्रीनिवास लुईस की पहचान हो पाई. पूछताछ करने पर आरोपी धमकी भरे मैसेज भेजने की बात कबूल की है.

बता दें कि श्रीनिवास की इन झूठी धमकियों की वजह से सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने पड़े, कई जगहों से लोगों को बाहर निकालना पड़ा और कई संस्थानों का कामकाज भी ठप हो गया.

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!