बिजली विभाग की मनमानी से बरवाडीह बेहाल: दीपक राज

Latehar : बरवाडीह में भीषण गर्मी के बीच अघोषित बिजली कटौती ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। इस संबंध में व्यवसायिक संघ के अध्यक्ष दीपक राज ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि बिजली विभाग की लापरवाही और मनमानी से उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश है।उन्होंने कहा कि बिना किसी पूर्व सूचना के घंटों बिजली गुल रहने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दिन हो या रात, कभी भी बिजली काट दी जा रही है, जिससे आम जनता त्रस्त हो चुकी है।सबसे अधिक असर छोटे दुकानदारों पर पड़ रहा है। बिजली नहीं रहने से पंखे, फ्रिज, कूलर, कंप्यूटर एवं अन्य उपकरण बंद पड़े रहते हैं, जिससे उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है। गर्मी के कारण ग्राहक भी दुकानों पर रुकना नहीं चाहते, जिससे दुकानदारों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।अघोषित कटौती का दुष्प्रभाव बुजुर्गों, महिलाओं और रोगियों पर भी पड़ रहा है। रात में भी अनियमित रूप से बिजली गायब रहने से लोगों की नींद प्रभावित हो रही है। छोटे बच्चे उमस और गर्मी से परेशान हैं, वहीं विद्यार्थियों की पढ़ाई भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र अंधेरे और गर्मी में पढ़ने को मजबूर हैं।

लोड शेडिंग कब समाप्त होगी जवाब चाहती है,जनता


दीपक राज ने बताया कि जब उपभोक्ता बिजली विभाग से शिकायत करते हैं, तो हर बार “लोड शेडिंग चल रही है” कहकर जवाब दे दिया जाता है, लेकिन यह लोड शेडिंग कब समाप्त होगी, इसका कोई स्पष्ट उत्तर विभाग के पास नहीं है।व्यवसायिक संघ के अध्यक्ष श्री राज ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और अघोषित कटौती बंद नहीं हुई, तो विभाग के खिलाफ जोरदार आंदोलन किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी लातेहार जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग की होगी। जनता अब बहाने नहीं, बल्कि ठोस समाधान चाहती है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!