Panki : पलामू के DC ने पीएम श्री कस्तूरबा गांधी विद्यालय और प्रखंड सह अंचल कार्यालय का किया निरीक्षण

Palamu: जिले के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने मंगलवार को पांकी में पीएम श्री केजीबी विद्यालय का निरीक्षण किया।इस दौरान डीसी ने प्राचार्य से नामांकन के अनुरूप कम उपस्थिति के संबंध में जानकारी ली।उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी अनुपस्थित विद्यार्थियों के अनुपस्थिति के कारणों की पहचान कर उनका समुचित समाधान किया जाये तथा शत-प्रतिशत नामांकन के अनुरूप उपस्थिति सुनिश्चित की जाये।उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में विद्यार्थियों की उपस्थिति कम नहीं होनी चाहिए।

उपायुक्त श्री शेखावत ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देशित किया कि विद्यालय में आवश्यक सभी सुविधाओं एवं संसाधनों की पूर्ति सुनिश्चित करें तथा नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण करते रहें,ताकि शैक्षणिक व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।

तत्पश्चात उपायुक्त ने कक्षा 10 एवं 12 की छात्राओं के साथ संवाद किया। संवाद के दौरान उन्होंने छात्राओं से उनके करियर के संबंध में महत्वाकांक्षाओं एवं लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपनी रुचि एवं इच्छा के अनुसार लक्ष्य का चयन करें, क्योंकि पसंदीदा क्षेत्र में करियर बनाना अपेक्षाकृत आसान एवं सफल होता है।

उन्होंने छात्राओं को यह भी बताया कि दसवीं एवं बारहवीं की परीक्षाएं जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण पड़ाव होती हैं, जिनके आधार पर आगे की करियर दिशा निर्धारित होती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पढ़ाई के तरीकों में तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं नई-नई शिक्षण पद्धतियों के कारण व्यापक परिवर्तन आया है, जिससे अध्ययन और अधिक प्रभावी एवं सुलभ हुआ है।

हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जैसे प्रत्येक वस्तु के दो पहलू होते हैं, उसी प्रकार इन तकनीकों एवं नवाचारों के भी सकारात्मक एवं नकारात्मक दोनों पक्ष हैं। यदि इनका उपयोग सही ढंग से नहीं किया जाए तो इसके दुष्परिणाम भी सामने आ सकते हैं। उन्होंने छात्राओं को ChatGPT, Gemini, Perplexity AI सहित अन्य एआई टूल्स का उपयोग अध्ययन में सहायक साधन के रूप में करने तथा तथ्यों का सत्यापन करते हुए जिम्मेदारीपूर्वक सीखने की सलाह दी।

इस अवसर पर उपायुक्त ने सांकेतिक रूप से छात्राओं के बीच स्कूल बैग का वितरण किया। वितरण के क्रम में उन्होंने बैग की गुणवत्ता, मजबूती एवं टिकाऊपन (क्वालिटी, स्ट्रेंथ एवं ड्यूरेबिलिटी) की भी जांच की। साथ ही उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि विद्यालय में यदि किसी प्रकार की सुविधा लंबित या वांछित हो तो उसे शीघ्र पूर्ण किया जाए।

इसके उपरांत उपायुक्त ने प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय पांकी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में वे सर्वप्रथम अंचल निरीक्षक कक्ष में पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न योजनाओं से संबंधित लंबित चेक स्लिपों का अवलोकन किया एवं उसके संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अंचल निरीक्षक को सख्त निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार का कार्य लंबित न रहे तथा सभी मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि लंबित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।

तत्पश्चात उन्होंने उपस्थिति पंजी का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि जब बायोमेट्रिक प्रणाली लागू है, तब ऑफलाइन उपस्थिति दर्ज करने का कोई औचित्य नहीं है। इस संबंध में उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देशित किया कि सभी कर्मियों की उपस्थिति अनिवार्य रूप से बायोमेट्रिक प्रणाली के माध्यम से ही दर्ज की जाए।

इसके बाद उपायुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारी से प्रतिदिन प्रखंड कार्यालय में आने वाले आगंतुकों की संख्या,प्राप्त होने वाले मामलों के प्रकार तथा उनके निष्पादन की समय-सीमा के बारे में विस्तृत जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रखंड कार्यालय में उपस्थित कुछ आगंतुकों से सीधे संवाद भी किया। उन्होंने एक-एक कर दो आवेदकों से बात की, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनके त्वरित समाधान हेतु प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!