
मोदी सरकार के 12 वर्ष : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आज दिल्ली के भारत मंडपम में होगा अभिनंदन
New Delhi : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की अहम बैठक आज यहां के भारत मंडपम में दोपहर तीन बजे शुरू होगी। बैठक में राजग सरकार राज्यों के मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री और सहयोगी दलों के नेता मौजूद रहेंगे। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और टीडीपी प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू बैठक में नरेन्द्र मोदी के सबसे अधिक समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बने रहने के रिकॉर्ड के संबंध में अभिनंदन प्रस्ताव रखेंगे। अन्य सहयोगी दलों के नेता इस प्रस्ताव का समर्थन करेंगे। बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का अभिनंदन किया जाएगा।

इस प्रस्ताव में प्रधानमंत्री की पिछले 12 साल की उपलब्धियों का जिक्र किया जाएगा। इसके साथ सरकार के 12 साल पूरे होने के मौके पर सरकार की उपलब्धियों और आगामी चुनाव पर चर्चा की जा सकती है। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली नेशनल डेमोक्रेटिक एलायंस यानी एनडीए या राजग सरकार ने जून 2026 में अपने 12 साल का ऐतिहासिक कार्यकाल पूरा कर लिया है।
26 मई 2014 को पहली बार देश के प्रधानमंत्री पद की लेने वाले गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और वाराणसी से लोकसभा सदस्य निर्वाचित नरेन्द्र मोदी ने 9 जून 2024 को लगातार तीसरी बार इस पद की शपथ ली। 9 जून 2026 को प्रधानमंत्री के रूप में उनके 4,398 दिन (12 साल 15 दिन) पूरे हुए। उन्होंने स्वतंत्र भारत में सबसे लंबे समय तक चुनाव जीतकर प्रधानमंत्री पद पर बने रहने का रिकॉर्ड बना दिया।
खास बात यह है कि उन्होंने मील का पत्थर माने जाने वाले देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए बहुत बड़ी लकीर खींच दी। नेहरू वैसे तो 15 अगस्त 1947 से लेकर अपनी मृत्यु (27 मई 1964) तक कुल 6,130 दिनों के लिए प्रधानमंत्री रहे, लेकिन देश के पहले आम चुनाव होने से पहले के शुरुआती 5 साल वह अंतरिम सरकार के प्रमुख रहे। जब 1952 में चुनाव जीतकर वह पहली बार निर्वाचित प्रधानमंत्री बने, तो वहां से उनका कार्यकाल 4,397 दिन (12 साल 14 दिन) का रहा।
भाजपा ने अपने एक्स हैंडल पर 9 जून को खुशी जाहिर करते हुए लिखा, ” बदलाव के 12 साल: वादों से विकास तक!” पार्टी ने कहा, ” अंधेरे से रोशनी, कच्चे मकान से पक्की छत और मीलों के सफर से घर में नल तक—पिछले 12 वर्षों में भारत ने एक नई कहानी लिखी है। यह केवल योजनाओं का आंकड़ा नहीं, करोड़ों भारतीयों की बदलती हुई मुस्कुराहट है। ”
भारतीय जनता पार्टी ने कहा कि यह सेवा, संकल्प और समृद्धि का बेमिसाल सफर है। पार्टी ने अन्य पोस्ट लिखा, बुनियादी सुविधाओं—घर, पानी, स्वास्थ्य, आवास और स्वच्छ ऊर्जा से शुरू हुई विकास की यह कहानी आज करोड़ों भारतीयों की समृद्धि का आधार बन चुकी है। यह सफर केवल सरकारी योजनाओं का नहीं, बल्कि आम नागरिकों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव, नए अवसरों और एक आत्मनिर्भर भारत के उदय का प्रतीक है। मोदी सरकार ने दुनिया को बताया कि ‘प्रगति और प्रकृति’ एक साथ चल सकते हैं।




