सूचना आयुक्तों की नियुक्ति से भ्रष्टाचार पर लगेगा अंकुश : रवि डे

Latehar: झाविस के नेता एवं समाजसेवी रवि कुमार डे ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर राज्य सूचना आयोग में सूचना आयुक्तों की नियुक्ति का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि वर्षों से सूचना आयुक्तों के पद रिक्त रहने के कारण सूचना का अधिकार (आरटीआई) अधिनियम का प्रभावी क्रियान्वयन प्रभावित हो रहा था, जिससे कई विभागों में पारदर्शिता की कमी और भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा था।

सूचना आयुक्तों की नियुक्ति होने से अब जनसूचना पदाधिकारियों की बढ़ेगी जवाबदेही।

रवि डे ने कहा कि सूचना आयुक्तों की नियुक्ति होने से अब जनसूचना पदाधिकारियों की जवाबदेही बढ़ेगी तथा सूचना मांगने वाले नागरिकों को समय पर जानकारी उपलब्ध कराने में सुधार आएगा। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित मामलों के निष्पादन में भी तेजी आएगी, जिससे आम जनता को राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि सूचना आयोग के सशक्त होने से सरकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी तथा भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगेगा। अब किसी भी प्रकार की अनियमितता, लूट-खसोट या वित्तीय गड़बड़ी करने से पहले संबंधित अधिकारियों को कई बार सोचना पड़ेगा।

रवि डे ने कहा कि सूचना आयुक्तों की नियुक्ति से आरटीआई कार्यकर्ताओं और पारदर्शिता की लड़ाई लड़ रहे लोगों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत होगी तथा आम जनता के सूचना पाने के अधिकार को और अधिक बल मिलेगा। उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि सूचना आयोग को आवश्यक संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराकर उसे और अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि सुशासन एवं पारदर्शिता की दिशा में सार्थक परिणाम सामने आ सकें।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!