
11वीं बटालियन ने विश्व रक्तदाता दिवस पर किया रक्तदान
Sanjay prajapati @ united palamu
Latehar : 11वीं बटालियन सीआरपीएफ, लातेहार कैंप में विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर 14 जून 2026 को स्वैच्छिक रक्तदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बटालियन के अधिकारियों एवं जवानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए रक्तदान किया तथा मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।कार्यक्रम का आयोजन 11वीं बटालियन के कमांडेंट रविन्द्र चरण मिश्रा के मार्गदर्शन में किया गया।

इस दौरान द्वितीय कमान अधिकारी पीतवासा पाण्डा, सहायक कमांडेंट नीरज कुमार, चिकित्सा अधिकारी डॉ. पाटे शुभम विवेक सहित अन्य अधिकारियों एवं जवानों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कमांडेंट रविन्द्र चरण मिश्रा ने कहा कि विश्व रक्तदाता दिवस का उद्देश्य रक्तदान के महत्व को बढ़ावा देना तथा स्वैच्छिक रक्तदाताओं के योगदान का सम्मान करना है। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महान मानवीय कार्य है, जिससे असंख्य लोगों का जीवन बचाया जा सकता है।
सीआरपीएफ के जवान सदैव जरूरतमंदों की सहायता के लिए तत्पर रहते हैं और रक्तदान भी उसी सेवा भावना का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ परिवार और स्थानीय क्षेत्र के लोग किसी भी आपात स्थिति में बल पर भरोसा करते हैं तथा जवान हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। विश्व रक्तदाता दिवस उन सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर है, जो अपने रक्तदान के माध्यम से अनगिनत जिंदगियों को बचाने में योगदान दे रहे हैं।कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों ने नियमित रूप से रक्तदान करने तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ ली। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने रक्तदान को मानवता की सेवा का सर्वोत्तम माध्यम बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान करने की अपील की।




