Gadhwa : S.I.R. को लेकर झामुमो का जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित

लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना अत्यंत आवश्यक : विनोद पांडेय

किसी भी योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटे, बीएलए यह सुनिश्चित करें : मिथिलेश ठाकुर

गढ़वा : झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला समिति गढ़वा की ओर से मंगलवार को गढ़वा शहर स्थित शहीद नीलाम्बर-पीताम्बर टाउन हॉल में बूथ सशक्तिकरण सह बीएलए-2 का जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान बूथ स्तर पर कार्यरत बीएलए-2 को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता सूची के अद्यतन एवं योग्य मतदाताओं के नाम जोड़ने संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई। हूल दिवस के शहीदों सिद्धों-कान्हो की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। तत्पश्चात दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

मौके पर मुख्य रूप से झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय ने कार्यकर्ताओं और बीएलए-2 को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी बूथ स्तरीय कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटने न पाए। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में नहीं है या किसी प्रकार की त्रुटि है, तो समय रहते उसका सुधार एवं नाम जोड़ने की प्रक्रिया पूरी कराई जाए।

श्री पांडेय ने कहा कि बीएलए-2 की जिम्मेदारी केवल संगठनात्मक नहीं बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की भी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर सक्रिय रहकर नए मतदाताओं का पंजीकरण, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के संबंध में आवश्यक कार्रवाई तथा मतदाता सूची की त्रुटियों के निराकरण में विशेष भूमिका निभानी होगी।

झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री झामुमो के केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कहा कि सभी बीएलए निष्ठापूर्वक अपनी जिम्मेवारी का पालन करते हुए प्रत्येक मतदाताओं के घर-घर जाकर उन्हें जागरूक करें। साथ ही जिस किसी भी मतदाता का मतदाता सूची में नाम से संबंधित कोई त्रुटि हो तो ऐसी समस्याओं का त्वरित निष्पादन कराएं। ताकि किसी भी योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटे।

श्री ठाकुर ने कहा कि बिहार, बंगाल एवं असम की तरह झारखंड में भी एसआईआर में अधिक संख्या में मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से नहीं कटे इस उद्देश्य को लेकर आज पूरे राज्य में जिला स्तरीय बीएलए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण शिविर में उपस्थित पदाधिकारियों ने बीएलए-2 को मतदाता सूची के पुनरीक्षण, आवश्यक प्रपत्रों के उपयोग, दस्तावेजों की जांच तथा निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही कार्यकर्ताओं की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें बूथ स्तर पर आने वाली चुनौतियों से निपटने के व्यावहारिक उपाय भी बताए।

मौके पर अन्य झामुमो नेताओं ने कहा कि संगठन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी के साथ क्षेत्र में सक्रिय रहना होगा। उन्होंने बूथों को संगठन की सबसे मजबूत इकाई बताते हुए कहा कि सशक्त बूथ ही मजबूत संगठन और स्वस्थ लोकतंत्र की आधारशिला है। सभी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन के निर्देशों का पूरी निष्ठा के साथ पालन करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से भवनाथपुर विधायक अनंत प्रताप देव सहित काफी संख्या में झामुमो के जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर के पदाधिकारी, बीएलए-2, बूथ प्रभारी तथा कार्यकर्ता उपस्थित थे। गढ़वा जिले के प्रत्येक बूथ पर मतदाता सूची का व्यापक सत्यापन करने व एक भी पात्र मतदाता लोकतांत्रिक प्रक्रिया से वंचित न रहे यह सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!