Palamu : हुसैनाबाद के नहर मोड़, हरिहर चौक समेत कई सड़क क्षतिग्रस्त, जनजीवन अस्त-व्यस्त
क्षतिग्रस्त सड़क पर जाम के कारण आए दिन घण्टो फंसे रह रहे है स्कूली बस
नगर पंचायत ने आरसीडी से की स्थायी मरम्मत की मांग
हुसैनाबाद : हुसैनाबाद नगर पंचायत क्षेत्र की कई प्रमुख सड़कों की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।जिसके कारण आम लोगों का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। नगर पंचायत प्रशासन ने हाल ही में जपला-छतरपुर मुख्य मार्ग स्थित नहर मोड़ के समीप बाबा ढाबा के पास तथा आईटीआई के पीछे सड़क पर बने गड्ढों की अस्थायी मरम्मती कराई थी, लेकिन बारिश, नाली का पानी और भारी वाहनों के दबाव के कारण यह व्यवस्था अधिक दिनों तक नहीं टिक सकी। आईटीआई के पीछे अधिक मिट्टी डालने से बारिश और नालियों के पानी के कारण सड़क कीचड़ में तब्दील हो गई है, जबकि नहर मोड़ पर भराई की मिट्टी हटने से फिर बड़ा गड्ढा बन गया है।

पिछले दो दिनों में दो ट्रक यहां फंस चुके हैं।जिसे बाहर निकाला गया।सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण आएदिन घण्टो जाम लगा रहता है।इसके कारण स्कूल बस भी जाम में फंस जा रहे है और स्कूली छात्रों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष अजय कुमार भारती ने कहा कि जपला-छतरपुर मुख्य मार्ग स्थित नहर मोड़ पर बने बड़े-बड़े गड्ढों से प्रतिदिन गुजरने वाले भारी वाहनों और आम लोगों को काफी परेशानी हो रही है। बिहार के औरंगाबाद जिले में पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद इस मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन बढ़ गया है, जिससे सड़क और खराब हो गई है।
उन्होंने बताया कि रामबीघा स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर जाने वाली सड़क भी जर्जर है, जबकि जपला रेलवे ओवरब्रिज के नीचे हरिहर चौक स्थित दंगवार मुख्य सड़क पर भी आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इस समस्या को लेकर व्यवसायियों और ग्रामीणों ने सड़क जाम भी किया था। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत की ओर से 9 जुलाई को आरसीडी विभाग को पत्र भेजकर सड़क की अविलंब मरम्मत की मांग की गई है। साथ ही उपायुक्त, उप विकास आयुक्त एवं आरसीडी के कार्यपालक अभियंता को भी पत्र भेजकर जनहित में शीघ्र कार्रवाई का अनुरोध किया गया है।वही स्थानीय लोगों ने विधायक व सांसद से इस गंभीर समस्या को लेकर स्थायी समाधान की मांग की है।



