Palamu: ईद मिलादुन्नबी पर निकला मोहम्मदी जुलूस, लोगों ने मिठाई बांटकर खुशियां जाहिर की
Medininagar: ईद मिलादुन्नबी के मौके पर शहर के विभिन्न मदरसों से जुलूस निकाला गया।इस दौरान शहर के पहाड़ी मोहल्ला स्थित मदरसा मरकजी दारुल उलूम के पास से मोहम्मदी जुलूस निकला, जो मुस्लिमनगर, मदीना मस्जिद, तेली पट्टी, लाल कोठा, कन्नी राम चौक, टीचर ट्रेनिंग कॉलेज रोड, कुंड मौहल्ला, कानी हाउस रोड, मिल्लत मस्जिद, गम्हेल रोड, नूरी मस्जिद होते हुए वापस मदरसा के पास पहुंचा। वहां पर मिलाद व दुआ ख्वानी की गई और फातेहा करने के बाद शिरनी तकसीम की गई।

जुलूस का नेतृत्व मोहर्रम इंतजामियां कमेटी जनरल के खलीफा जीशान खान, नायाब खलीफा वसीम अहमद खान, हाजी शमीम अहमद उर्फ ललन कर रहे थे। जुलूस में मौलानाओं नात पाक पढ़ा और रसूल सल्लाहो वसल्लम की जीवनी पर प्रकाश डाला। जुलूस के दौरान सरकार की आमद मरहबा, हुजूर की आमद मरहबा, नारे तकबीर अल्लाह हू अकबर के नारे लगाए गए।
इस अवसर पर पलामू जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने खुशियां मनाते हुए एक दूसरे को मुबारकबाद दिया। इस त्योहार के अवसर पर जिले की मस्जिदों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। गांव एवं मुहल्ले में भी सजावट की गई। मस्जिदों और घरों में मिलाद शरीफ किया गया। लोगों के बीच मिठाई वितरित की गई।




