Palamu: पलामू में रक्षाबंधन की धूम, बहनें अपने भाई की कलाइयों में बांध रही है रक्षा का सूत्र
Report : Upendra Kumar Papu
Medininagar: भाई-बहन का अटूट प्यार रक्षाबंधन का त्यौहार 28 अगस्त दिन शुक्रवार को धूमधाम से मनाया जा रहा है। शहर व इसके आसपास के क्षेत्रों समेत पूरे पलामू जिले में हर्षोल्लास के साथ रक्षा बंधन का त्योहार मनाया जा रहा है।
बहनों ने अपने भाइयों के माथे पर तिलक व कलाई पर राखी बांधकर अपनी सुरक्षा की कामना कर रही हैं। भाइयों ने भी बहनों की रक्षा का संकल्प दोहराया। इस पर्व को लेकर बहन ही नहीं भाइयों में भी काफी उत्साह दिख रहा हैं। बहन-भाई के प्यार का त्योहार रक्षा बंधन महंगाई पर भी भारी पड़ा।

बहनें शुक्रवार की सुबह से ही रक्षा बंधन की तैयारी में जुटी रही। भाई को राखी बांधने की बेताबी बहनों में स्पष्ट दिख रही है। श्रावण मास की पूर्णिमा की पूजा संपन्न होने के बाद शुभ मुहूर्त के अनुरूप राखी बांधने का सिलसिला शुरू हुआ। यह सिलसिला दिनभर चलेगा।
इधर रक्षा बंधन व सावन पूर्णिमा को लेकर शहर के छहमुहान और रेड़मा स्थित काली मंदिर समेत विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना व भजन-कीर्तन की धूम देखी जा रही है। शहर के मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। यहां सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगने लगी। श्रावण पूर्णिमा पर रेड़मा काली मंदिर,शहर के विष्णु मंदिर, देवी मंदिर, छह मुहान काली मंदिर, महावीर मंदिर व हीरा मंदिर समेत कई मंदिरों में विशेष हवन पूजन का कार्यक्रम संचालित हुआ।
राखी बंधवाने के लिए दूर-दूर से भाई बहनों के घर पहुंचे तो बहनें भी भाईयों के घर राखी बांधने के लिए पहुंची। सबसे पहले लोगों ने मंदिरों में पहुंचकर भगवान गणेश को राखी बांधी। इसके बाद भाईयों की कलाई पर राखी बंधी। राखी बांधने के बाद बहनों ने भाईयों से सुरक्षा का वचन लिया। वहीं भाईयों ने गिफ्ट भी दिए। रक्षाबंधन का यह पर्व जन्माष्टमी तक चलेगा।




