Palamu में शिक्षक दिवस पर 43 शिक्षकों को मिला सम्मान

डीसी ने किया ‘पलामू पाठशाला’ यूट्यूब चैनल का शुभारंभ

Palamu : शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को मेदिनीनगर स्थित टाउन हॉल में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस अवसर पर विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कुल 43 शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

समारोह की शुरुआत उपायुक्त श्री शेखावत, उप विकास आयुक्त सादात अनवर, सहायक समाहर्ता ऋत्विक मेहता सहित अन्य पदाधिकारियों द्वारा भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके पश्चात दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर उपायुक्त ने माउस पर क्लिक कर ‘पलामू पाठशाला’ यूट्यूब चैनल का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य तकनीक का प्रभावी उपयोग करते हुए जिले के विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सामग्री पहुंचाना है। चैनल के माध्यम से विभिन्न विषयों के शिक्षकों द्वारा तैयार किए गए लेक्चर रिकॉर्ड कर अपलोड किए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों को विषयवार अध्ययन सामग्री उपलब्ध हो सकेगी। साथ ही, जिले में शिक्षकों की कमी के कारण उत्पन्न शैक्षणिक अंतर को भी तकनीक के माध्यम से पाटने में मदद मिलेगी।

शिक्षक हमारे भविष्य के निर्माता :उपायुक्त

समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने अपने जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले शिक्षकों को याद करते हुए कहा कि आज वे जिस मुकाम पर हैं, उसमें उनके शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने अपने गुरु कमलेश पटेल को याद किया। साथ ही अपने केमिस्ट्री के शिक्षक किशोर परमार का स्मरण करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन के कारण ही कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में उन्हें केमिस्ट्री में 93 अंक प्राप्त हुए थे। उन्होंने यूपीएससी की तैयारी के दौरान अपने शिक्षक रहे स्व. पी. रबीन्द्रनाण को भी श्रद्धापूर्वक याद किया।

उपायुक्त ने शिक्षक दिवस मनाए जाने के इतिहास पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं द्वितीय राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन महान शिक्षाविद् थे। उनके जन्मदिवस 5 सितंबर को देश में शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिवस समाज और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका को सम्मान देने का अवसर है।

उपायुक्त ने कहा कि किसी भी जिले की असली ताकत वहां का मानव संसाधन होता है। पलामू में मानव संसाधन के विकास की दिशा में अभी काफी काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि किसी जिले के विकास का पैमाना केवल सड़क, भवन या अन्य आधारभूत संरचनाओं का निर्माण नहीं हो सकता। हर बच्चे को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना ही विकास का वास्तविक उद्देश्य होना चाहिए।

उन्होंने शिक्षकों की जिम्मेदारी को रेखांकित करते हुए कहा कि यदि कोई भवन या सड़क टूट जाए तो उसे दोबारा बनाया जा सकता है, लेकिन यदि किसी बच्चे का भविष्य बर्बाद हो गया तो उसकी भरपाई करना संभव नहीं है। इसलिए बच्चों के भविष्य को सही दिशा देने की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी शिक्षकों के कंधों पर है।

तकनीक को शिक्षा का माध्यम बनाने पर जोर

उपायुक्त ने कहा कि आज के दौर में तकनीक शिक्षा का प्रभावी माध्यम बन चुकी है। इसी को ध्यान में रखते हुए ‘पलामू पाठशाला’ की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि जिले के अच्छे शिक्षक अपने विषय के लेक्चर रिकॉर्ड कर इस चैनल पर उपलब्ध कराएंगे। इससे एक शिक्षक के ज्ञान का लाभ बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को मिल सकेगा।

उन्होंने कहा कि यह पहल विशेष रूप से उन क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए उपयोगी साबित होगी, जहां विषयवार शिक्षकों की कमी है। डिजिटल माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराकर विद्यार्थियों को बेहतर अवसर प्रदान किए जा सकते हैं।

समारोह में शिक्षकों को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा करने वाले व्यक्ति नहीं हैं, बल्कि वे बच्चों के व्यक्तित्व, सोच और भविष्य का निर्माण करते हैं। इसलिए प्रत्येक शिक्षक को अपने दायित्व को सेवा और राष्ट्र निर्माण के अवसर के रूप में लेना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विषयों एवं क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाले कुल 43 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षकों ने इस पहल के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।समारोह में उप विकास आयुक्त श्री सादात अनवर, सहायक समाहर्ता श्री ऋत्विक मेहता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, क्षेत्रीय शिक्षा पदाधिकारी, शिक्षक संघ से जुड़े प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षा विभाग के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!