Ranchi : मंदिर में तैनात गार्ड की हत्या, 4 लोग हिरासत में, घटना के पीछे चोर का हाथ !

Ranchi : राजधानी रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर में तैनात गार्ड बिरसा मुंडा की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस की प्राथमिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि कुछ चोर चोरी के इरादे से मंदिर परिसर में घुसे थे। इसी दौरान गार्ड बिरसा मुंडा ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके बाद उनकी हत्या कर दी गई। पुलिस को मंदिर की एक दानपेटी से पैसे चोरी होने के संकेत भी मिले हैं, जिससे वारदात के पीछे चोरी की मंशा और मजबूत होती दिख रही है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों का अब तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है।

मंदिर के सेवक मनोज कुमार ने बताया कि पूरे परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपितों की पहचान की जा सके। सीसीटीवी जांच में एक संदिग्ध व्यक्ति की तस्वीर भी सामने आई है, जिसे पुलिस जांच का महत्वपूर्ण आधार मान रही है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को त्वरित जांच और आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। मौके पर डॉग स्क्वायड टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया, जो विभिन्न साक्ष्यों को जुटाने में लगी है।

फिलहाल पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। संदिग्धों से मिली जानकारी और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

उल्लेखनीय है कि रांची का जगन्नाथ मंदिर शहर की आस्था, संस्कृति और पहचान का प्रमुख केंद्र माना जाता है। पहाड़ी पर स्थित यह मंदिर अपनी विशिष्ट स्थापत्य शैली के लिए प्रसिद्ध है, जो पुरी के जगन्नाथ मंदिर की तर्ज पर बनाया गया है। यहां हर वर्ष भव्य रथ यात्रा का आयोजन होता है, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!