
एसवीएम में ‘नन्हे कदम’ एवं ‘स्टूडेंट स्पॉटलाइट’ ई-पत्रिकाओं का लोकार्पण
Latehar : सरस्वती विद्या मंदिर, धर्मपुर पथ, लातेहार में विद्यालय की रचनात्मक एवं शैक्षणिक गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से दो महत्वपूर्ण ई-पत्रिकाओं का भव्य लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य उत्तम कुमार मुखर्जी, प्रचार-प्रसार विभाग प्रमुख कपिल देव प्रमाणिक, विभाग की सदस्य शिल्पा कुमारी, उपासना कुमारी, शिवानी कुमारी, वाटिका विभाग प्रमुख गीता कुमारी तथा संपादक टोली के भैया-बहनों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद प्रधानाचार्य, प्रचार-प्रसार विभाग, वाटिका विभाग तथा संपादक टोली के सदस्यों ने संयुक्त रूप से मासिक ई-पत्रिका ‘नन्हे कदम’ (चतुर्थ संस्करण, सत्र 2026–27, जुलाई अंक) एवं त्रैमासिक ई-पत्रिका ‘स्टूडेंट स्पॉटलाइट’ (पंचम संस्करण, सत्र 2026–27, अप्रैल–जून अंक) का विधिवत लोकार्पण किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य उत्तम कुमार मुखर्जी ने कहा कि ई-पत्रिकाएं विद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक, सामाजिक एवं संस्कारपरक गतिविधियों का जीवंत दस्तावेज हैं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा, शिक्षकों की सृजनशीलता तथा विद्यालय की उपलब्धियों को व्यापक मंच मिलता है। उन्होंने संपादक टोली, प्रचार-प्रसार विभाग एवं वाटिका विभाग को इस उत्कृष्ट कार्य के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी निरंतर नवाचार करने के लिए प्रेरित किया।
प्रचार-प्रसार विभाग ने बताया कि ‘नन्हे कदम’ में शिशु वाटिका एवं प्राथमिक वर्ग की विविध गतिविधियों, रचनात्मक कार्यों, संस्कार शिक्षा, योग, शैक्षणिक भ्रमण तथा विशेष आयोजनों का आकर्षक संकलन किया गया है। वहीं ‘स्टूडेंट स्पॉटलाइट’ के अप्रैल–जून अंक में विद्यालय की प्रमुख उपलब्धियों, विभिन्न प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की रचनाओं एवं प्रेरणादायक समाचारों को स्थान दिया गया है।
कार्यक्रम के अंत में संपादक टोली के भैया-बहनों ने सभी सहयोगी आचार्यों, प्रचार-प्रसार विभाग, वाटिका विभाग एवं विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही भविष्य में भी गुणवत्तापूर्ण एवं प्रेरणादायी ई-पत्रिकाओं का नियमित प्रकाशन जारी रखने का संकल्प लिया।




