
छिपादोहर पुलिस ने जनसंवाद कर ग्रामीणों को सामाजिक कुरीतियों के प्रति किया जागरूक

Latehar : पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार शुक्रवार को छिपादोहर थाना पुलिस द्वारा ग्राम हरिनामाड़ में ग्रामीणों के साथ जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को डायन प्रथा, दहेज प्रथा, दहेज हत्या, घरेलू हिंसा तथा अन्य सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से सामाजिक मुख्यधारा से जुड़कर रहने, कानून का पालन करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल-112 की सेवा का उपयोग करने की अपील की। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा, घरेलू हिंसा की रोकथाम एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने को लेकर भी विस्तार से जानकारी दी गई।
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह, अंधविश्वास या सामाजिक कुरीतियों से दूर रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं एवं सुझाव साझा किए, जिनके समाधान का आश्वासन पुलिस पदाधिकारियों ने दिया।





