
डीसी ने शनिवार को रामगढ़ प्रखंड में आंगनबाड़ी केंद्रों का किया औचक निरीक्षण
Palamu : पलामू के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने शनिवार को रामगढ़ प्रखंड अंतर्गत नावाडीहह-1 एवं नावाडीह 2 आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य केंद्रों में संचालित पोषण, शिक्षा, स्वच्छता एवं आधारभूत सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करना था।इसी क्रम में उन्होंने पोषण ट्रैकर की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्टॉक रजिस्टर, उपस्थित बच्चों की संख्या, पोषण ट्रैकर में निबंधित लाभार्थियों से संबंधित जानकारी प्राप्त की।उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अभिलेख समय पर अद्यतन एवं शुद्ध रूप से संधारित किए जाये।निरीक्षण के दौरान बच्चों के नाश्ते का समय रहने के कारण उपायुक्त श्री शेखावत ने स्वयं अपने हाथों से बच्चों को सूजी का हलवा परोसा तथा भोजन की गुणवत्ता, पोषण मानक एवं स्वच्छता की जांच की।इस दौरान उन्होंने बच्चों के बीच विभिन्न फल व टॉफी का भी वितरण किया।

उपायुक्त ने बच्चों के लर्निंग आउटकम का आकलन करने हेतु उनसे गिनती, सरल गणित एवं सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे। उन्होंने पाया कि बच्चों के बुनियादी शिक्षण स्तर में और सुधार की आवश्यकता है। इस पर उन्होंने आंगनबाड़ी सेविका एवं महिला पर्यवेक्षिका को निर्देश दिया कि बच्चों को रटने के बजाय समझ-आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पेयजल, शौचालय एवं स्वच्छता व्यवस्था का भी गहन निरीक्षण किया। उन्होंने पेयजल स्रोत की उपलब्धता एवं उसकी स्वच्छता, जल की नियमित आपूर्ति, बच्चों हेतु सुरक्षित पेयजल की व्यवस्था की जांच की। साथ ही शौचालय की साफ-सफाई, उपयोग की स्थिति, जल उपलब्धता तथा बाल-अनुकूल व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिया कि केंद्र परिसर में साफ-सफाई, कचरा निपटान एवं हाइजीन पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि बच्चों को स्वस्थ वातावरण मिल सके।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान स्थानीय मुखिया द्वारा निर्माणाधीन चेक डैम के संबंध में मौखिक शिकायत प्रस्तुत की गई, जिसमें निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर प्रश्न उठाया गया। उपायुक्त ने संबंधित विभाग को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने वहां स्थापित सोलर जल मीनार का भी जायजा लिया तथा उसकी कार्यशीलता एवं जलापूर्ति की स्थिति की समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान जिला समाज कल्याण पदाधिकारी,सेविका लिली रोशनी दांग,मॉयलोन टोपनो,सहायिका अनास्तासीया हेंब्रम एवं फुलमनी तीरु समेत अन्य मौजूद रहे।




