
नावाबाजार : विवाहिता की मौत, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर लगाया मारपीट का लगाया आरोप, जांच में जुटी पुलिस
Palamu : पलामू जिले के नावाबाजार थाना क्षेत्र के कंडा गांव निवासी अरविंद पासवान की पत्नी मनीषा कुमारी की बीती रात कथित रूप से कीटनाशक पदार्थ का सेवन करने से मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल पुलिस चौकी की टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
मृतका के पति कंडा गांव निवासी अरविंद पासवान ने बताया कि वह बाहर मजदूरी करता है और हाल ही में घर लौटा था। उनकी पत्नी भी 24 जून को अपने मायके, डंडा थाना क्षेत्र के छपरदागा गांव से वापस आई थी।

इसी दौरान किसी बात को लेकर शुक्रवार की शाम पति पत्नी के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद पत्नी ने कथित रूप से कीटनाशक पदार्थ का सेवन कर लिया।
तबीयत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए मेदिनीनगर एमएमसीएच ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले उसकी बहन के साथ अक्सर मारपीट करते थे। इस मामले को लेकर कई बार गांव में पंचायत भी हुई थी, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ।
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर वे अस्पताल पहुंचे, जहां उनकी बहन मृत मिली।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।



