
प्रजापति जनकल्याण समिति का गठन, दीपक राज बने संरक्षक
समाज की एकजुटता और उत्थान के लिए कार्य करने का संकल्प
Latehar : बरवाडीह पलामू जिले के पाटन प्रखंड में रविवार को आयोजित प्रजापति समाज की बैठक में प्रजापति जनकल्याण समिति का गठन किया गया। बैठक में समाज के विकास, संगठन को मजबूत करने तथा सामाजिक हितों को लेकर चर्चा के बाद सर्वसम्मति से समिति के पदाधिकारियों का चयन किया गया।
समिति के संरक्षक पद पर पाटन निवासी उदय प्रजापति तथा लातेहार जिले के बरवाडीह प्रखंड अध्यक्ष दीपक राज को जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं समिति का अध्यक्ष पांकी निवासी कमलेश प्रजापति, सचिव चैनपुर निवासी अधिवक्ता सुनील प्रजापति तथा कोषाध्यक्ष सुनैना देवी को बनाया गया।
नई जिम्मेदारी मिलने पर दीपक राज ने समाज के सभी लोगों एवं समिति के पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता, शिक्षा, जागरूकता और सामाजिक उत्थान को प्राथमिकता देते हुए सभी के सहयोग से कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज के युवाओं को आगे लाने और आपसी समन्वय को मजबूत बनाने की दिशा में समिति सक्रिय भूमिका निभाएगी। इस अवसर पर समाज के पदाधिकारियों ने दीपक राज को फूलमाला पहनाकर एवं बुके भेंट कर सम्मानित किया और शुभकामनाएं दीं। इसके अलावा पांच सदस्यीय टीम में दीपक प्रजापति, शुक्ला कांत प्रजापति, नागेंद्र प्रजापति, अनोज प्रजापति एवं प्रिंस प्रजापति को शामिल किया गया।




