चोरों का दुस्साहस! पति-पत्नी को कमरे में बंद कर लाखों के जेवर-नकदी ले उड़े, लगातार वारदात से दहशत

sanjay prajapati @ united palamu

Latehar : सदर थाना क्षेत्र के शीशी पंचायत अंतर्गत बारियातू जागीर गांव निवासी संजय साव, पिता कृष्णा साव, के घर से अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये की चोरी कर ली। घटना के बाद आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, संजय साव और उनकी पत्नी घर के एक कमरे में सो रहे थे। शुक्रवार की सुबह करीब चार बजे जब उनकी नींद खुली तो कमरे की सिटकनी बाहर से बंद मिली। किसी तरह खिड़की के रास्ते बाहर निकलने के बाद उन्होंने दूसरे कमरे में जाकर देखा तो घर का सामान बिखरा पड़ा था। सामान को उलट पलट कर देखने के बाद पता चला कि बक्से में रखे नगद रुपये और करीब चार से पांच लाख रुपये मूल्य के जेवरात गायब हैं।

बताया जा रहा है कि अज्ञात चोरों ने घटना को बेहद शातिराना तरीके से अंजाम दिया। चोरों ने आसपास के कुछ घरों की सिटकनी भी बाहर से बंद कर दी थी, ताकि लोग बाहर निकलकर शोर न मचा सकें। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

बताते चलें कि इसी क्षेत्र में गुरुवार को भी एक दुकान में चोरी की घटना हुई थी। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोग पुलिस से चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

वारदात में शामिल चोरों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा: एसडीपीओ

इस संबंध में एसडीपीओ संदीप गुप्ता ने लोगों से भयभीत नहीं होने की अपील करते हुए सतर्क रहने और पुलिस का सहयोग करने को कहा है। उन्होंने कहा कि चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है और वारदात में शामिल चोरों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!