
मेहनत और समय के सदुपयोग से ही मिलती है सफलता : राजबल्लम शर्मा
सरस्वती शिशु विद्या मंदिर,स्टेशन में अर्धवार्षिक परीक्षाफल वितरित

Latehar : बाजकुम स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, लातेहार स्टेशन में मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को सत्र 2026-27 के अर्धवार्षिक परीक्षाफल वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य राजबल्लम शर्मा ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के प्रति रुचि और लगन बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि परीक्षा में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की सफलता उनके समय के सदुपयोग और मेहनत का परिणाम है। वहीं, जिन विद्यार्थियों को अपेक्षाकृत कम अंक प्राप्त हुए हैं, उन्हें निराश होने के बजाय अपनी कमियों को दूर करते हुए अधिक मेहनत करने की आवश्यकता है। निरंतर प्रयास और लगन से वे भी बेहतर परिणाम प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन करने तथा अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के आचार्यों, दीदी जी एवं कर्मचारीगण का सराहनीय योगदान रहा।





