विश्व आदिवासी दिवस पर Palamu जिला प्रशासन ने निकाली प्रभात फेरी
Report : United Palamu Reporter
विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर पलामू जिला प्रशासन की ओर से रविवार को प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने हरी झंडी दिखाकर प्रभात फेरी को रवाना किया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि प्रभात फेरी के माध्यम से आमजनों तक विश्व आदिवासी दिवस के महत्व, आदिवासी समाज की समृद्ध कला-संस्कृति, परंपराओं एवं उनके गौरवशाली इतिहास का संदेश पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस झारखंड के विभिन्न हिस्सों में उत्साह के साथ मनाया जा रहा है और पलामू भी इसमें सक्रिय सहभागिता निभा रहा है।

उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य के गठन के बाद से आदिवासी समाज के सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक उत्थान की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। आदिवासी समाज की समृद्ध विरासत एवं संस्कृति के संरक्षण तथा उसके संवर्धन में समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है।
उपायुक्त ने प्रभात फेरी में शामिल विद्यार्थियों एवं कलाकारों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न झांकियों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अवलोकन किया तथा उनकी सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों के उत्साह एवं रचनात्मक प्रस्तुति की प्रशंसा करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधितों को शुभकामनाएं दीं।
झांकियों ने किया लोगों को आकर्षित
प्रभात फेरी के दौरान संत मरियम स्कूल एवं ग्रीन वैली स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। ग्रीन वैली स्कूल के विद्यार्थियों ने झारखंड के आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर सपूतों की वेशभूषा धारण कर उनके योगदान को प्रदर्शित किया।
वहीं, संत मरियम स्कूल के विद्यार्थियों ने राजा मेदिनी राय, बिरसा मुंडा, नीलांबर-पीतांबर एवं शिबू सोरेन की भूमिका में अपनी प्रस्तुति दी। विशेष रूप से बिरसा मुंडा एवं शिबू सोरेन की वेशभूषा एवं प्रस्तुति ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। विद्यार्थियों ने अपने अभिनय के माध्यम से झारखंड के इतिहास एवं आदिवासी समाज के संघर्ष और योगदान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रभात फेरी के प्रारंभ होने से पूर्व नृत्य निर्देशक सुजीत कुमार के निर्देशन में संत मरियम स्कूल की छात्राओं द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुति दी गई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संत मरियम स्कूल के कला निर्देशक कामरूप सिन्हा, राज प्रतीक पाल एवं ग्रीन वैली स्कूल के कला शिक्षक संजीत प्रजापति का सराहनीय योगदान रहा।
इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप कुमार, डीसीएलआर प्यारे लाल, एपीआरओ अजित कुमार, शिक्षाविद अविनाश देव, पंडित प्रदीप नारायण, ट्रैफिक प्रभारी रुद्रानंद सरस, कार्यक्रम संयोजक सैकत चट्टोपाध्याय सहित जिला प्रशासन के पदाधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं अन्य लोग उपस्थित थे।




