झारखंड में 15 साल पुराने सरकारी वाहनों की होगी स्क्रैपिंग, बढ़ेगा राजस्व : राजीव रंजन
Ranchi : झारखंड में 15 वर्ष की सेवा अवधि पूरी कर चुके सरकारी वाहनों का अब पंजीकृत वाहन स्क्रैपिंग सुविधा (आरवीएसएफ) के माध्यम से व्यवस्थित निस्तारण किया जाएगा। इस प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए परिवहन सचिव राजीव रंजन ने बुधवार को प्रोजेक्ट भवन स्थित सभागार में विभिन्न विभागों के राज्यस्तरीय नोडल पदाधिकारियों के साथ बैठक की।

इस अवसर पर परिवहन सचिव ने कहा कि यह पहल सिर्फ पुराने वाहनों को हटाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे सड़क सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, संसाधनों के बेहतर उपयोग और सरकारी राजस्व में वृद्धि को भी बढ़ावा मिलेगा। स्क्रैपिंग के बाद देय परिवहन कर की राशि सरकारी राजकोष में जमा होगी। बैठक में एमएसटीसी एवं आरवीएसएफ के प्रतिनिधियों ने पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी।

सरकारी वाहनों की स्क्रैपिंग भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप होगी। विशेष रूप से पुलिस थानों में दुर्घटनाग्रस्त और लंबे समय से अनुपयोगी पड़े वाहनों के साथ अन्य विभागों के मरम्मत योग्य नहीं रह गए वाहनों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत निस्तारण किया जाएगा।
अधिकारियों को एमएसटीसी और जेम पोर्टल पर पंजीकरण, वाहन का विवरण अपलोड करने, नीलामी, आवश्यक दस्तावेजों और स्क्रैपिंग की चरणबद्ध प्रक्रिया समझाई गई। सचिव ने सभी विभागों को समयबद्ध कार्रवाई करने तथा तकनीकी समस्या पर परिवहन विभाग से परामर्श लेने का निर्देश दिया।




