रामगढ़ के गोला मेंनकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो आरोपित गिरफ्तार, 30 लाख की अवैध सामग्री बरामद

Ranchi : रामगढ़ जिले के गोला थाना क्षेत्र में पुलिस ने नकली शराब की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई की जानकारी सोमवार को रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मुकेश कुमार लुनायत ने दी।

एसपी ने प्रेस वार्ता में बताया कि गोला थाना क्षेत्र के ऊपर खाखरा टोला पत्थरगढ़ा में अवैध रूप से विदेशी शराब की मिनी फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। सूचना मिलने के बाद सत्यापन कर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) मुख्यालय चंदन वत्स के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से स्थानीय निवासी मनोज मुर्मू और चोपादारू गांव निवासी भदरू सिंह को गिरफ्तार किया। दोनों की निशानदेही पर तीन अलग-अलग घरों में भी छापेमारी की गई, जहां भारी मात्रा में नकली शराब और निर्माण सामग्री बरामद हुई।

पुलिस के अनुसार, लगभग 30 लाख रुपये मूल्य की नकली और अवैध विदेशी शराब, 250 पेटी तैयार शराब, करीब 1800 लीटर तैयार शराब, 1600 लीटर स्प्रिट, 120 लीटर माल्ट, 20 हजार खाली शराब की बोतलें, 40 हजार फर्जी लेबल, 20 हजार सील कैप, 250 खाली कार्टून, 50 पानी के जार, एक पिकअप वैन और दो बाइक जब्त की गई हैं।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपितों द्वारा विदेशी ब्रांड की नकली शराब तैयार कर उस पर झारखंड सरकार के होलोग्राम और फर्जी लेबल लगाकर विभिन्न ब्रांडों के नाम से बाजार में बेचा जा रहा था। इस अवैध कारोबार के पीछे एक संगठित सिंडिकेट के शामिल होने की आशंका भी जताई गई है, जो ग्रामीणों को प्रलोभन देकर इस धंधे में शामिल करता था और तैयार माल की दूसरे राज्यों में सप्लाई करता था।

पुलिस ने बताया कि एक ही प्रकार की नकली शराब को अलग-अलग ब्रांड नाम देकर ऊंचे दामों पर बाजार में बेचा जा रहा था। यह अवैध कारोबार पिछले कई महीनों से चल रहा था।

इस कार्रवाई में कई थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों की टीम शामिल रही, जिन्होंने संयुक्त रूप से छापेमारी कर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया।

पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!