
हुसैनाबाद की बिजली समस्याओं को लेकर झामुमो किसान मोर्चा ने उठाई आवाज, जीएम से मिलकर समाधान की मांग की
Palamu : झामुमो किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष वशिष्ठ कुमार सिंह उर्फ बबलू सिंह ने हुसैनाबाद शहर की बिजली समस्याओं को लेकर गुरुवार को मेदिनीनगर स्थित जेबीवीएनएल के जीएम श्रवण कुमार से मुलाकात कर जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की। इस दौरान उनके साथ मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह भी मौजूद थे।
जिलाध्यक्ष वशिष्ठ कुमार सिंह ने जीएम के समक्ष हुसैनाबाद शहर के मुख्य मार्गों पर अव्यवस्थित तरीके से लगाए गए बिजली पोल और तारों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि शहर के कई मुख्य सड़कों पर बिजली के पोल गलत तरीके से लगे हुए हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी हो रही है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। उन्होंने मांग की कि जहां-जहां बिजली पोल और तारों की स्थिति ठीक नहीं है, वहां जल्द सुधार कार्य कराया जाए।

बबलू सिंह ने यह भी कहा कि हुसैनाबाद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को और बेहतर बनाने की जरूरत है। लोगों को निर्बाध बिजली उपलब्ध हो, इसके लिए विभाग को प्रभावी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि आम जनता लगातार बिजली संबंधी समस्याओं से जूझ रही है और विभाग को इस दिशा में गंभीर पहल करनी चाहिए।मुलाकात के दौरान जेबीवीएनएल के जीएम श्रवण कुमार ने झामुमो किसान मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि हुसैनाबाद क्षेत्र में बिजली व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने और तकनीकी खामियों को दूर करने की दिशा में विभाग कार्य करेगा।
जिलाध्यक्ष वशिष्ठ कुमार सिंह ने उम्मीद जताई कि विभाग के स्तर से जल्द सकारात्मक पहल होगी, जिससे हुसैनाबाद शहर के लोगों को बेहतर बिजली सुविधा मिल सकेगी। इस मुलाकात के बाद स्थानीय लोगों में भी बिजली व्यवस्था में सुधार को लेकर उम्मीद जगी है।




