उंटारी रोड : पुलिस जवान के घर भीषण डकैती,10 लाख के जेवरात ले उड़े डकैत

Palamu : उंटारी रोड थाना क्षेत्र के सतबहिनी गांव में शुक्रवार की देर रात हथियारबंद अपराधियों ने पुलिस जवान विशाल शर्मा के घर भीषण डकैती की घटना को अंजाम दिया। घर का पिछला दरवाजा तोड़कर घुसे अपराधियों ने परिवार के सदस्यों को अपने कब्जे में ले लिया और करीब आठ से दस लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात व अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

घटना में आठ से दस अपराधियों के शामिल होने की बात सामने आई है। इनमें एक महिला अपराधी भी शामिल थी। सभी ने अपने चेहरे नकाब से ढक रखे थे। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।पुलिस जवान विशाल शर्मा ने उंटारी रोड थाने में दिए लिखित आवेदन में बताया है कि शुक्रवार की रात खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान रात करीब डेढ़ बजे अपराधियों ने घर का पिछला दरवाजा तोड़ दिया और अंदर प्रवेश कर गए। इसके बाद परिवार के सदस्यों को अपने कब्जे में लेकर लूटपाट की और जेवरात समेत अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। इस दौरान अपराधियों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट व बदसूलुकी भी की।

घटना की सूचना मिलने के बाद शनिवार की सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस जवान के आवेदन के अनुसार, लूटे गए सोने-चांदी के जेवरात की अनुमानित कीमत आठ से दस लाख रुपये है। उंटारी रोड थाना प्रभारी संतोष गिरी ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!