
देश भर में मेडिकल स्टोर आज रहेंगे बंद, कई राज्यों के दवाई व्रिकेताओं ने हड़ताल से किया किनारा
New Delhi : ई-फार्मेसी के खिलाफ देश भर में मेडिकल स्टोर आज बंद रहेंगे. हालांकि हॉस्पिटल आधारित मेडिकल स्टोर और जन औषधि केंद्र खुले रहेंगे. केमिस्ट और दवा विक्रेताओं ने दवाओं की ऑनलाइन ब्रिक्री के विरोध में देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है. करीबन 12 लाख से ज्यादा केमिस्ट और दवा वितरक 20 मई को दवाओं के अनियंत्रित ऑनलाइन ब्रिक्री और ई-फॉर्मेसियों की तरफ से दी जानेवाली भारी छूट के विरोध में राष्ट्रव्यापी हड़ताल कर रहे हैं.

इधर पश्चिम बंगाल, केरल, पंजाब, महाराष्ट्र, कर्नाटक, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, लद्दाख, गुजरात, छत्तीसगढ़, सिक्किम और उत्तराखंड के खुदरा फार्मेसी संघों ने स्वेच्छा से लिखित आश्वासन दिया है कि वे हड़ताल में भाग नहीं लेंगे और प्रस्तावित हड़ताल वाले दिन जनता को दवाओं की उपलब्धता में कोई बाधा नहीं आने देंगे. उनके अनुसार, देशभर के कई खुदरा फार्मेसी संघों ने जनहित और दवाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने की आवश्यकता का हवाला देते हुए प्रस्तावित एक दिवसीय हड़ताल में भाग नहीं लेने का निर्णय लिया है.
एआईओसीडी ने हड़ताल का आह्वान कथित तौर पर ई-फार्मेसी के संचालन से संबंधित चिंताओं के चलते किया था. एक सूत्र ने बताया कि केमिस्ट की दुकानों के कामकाज में किसी भी प्रकार की बाधा से मरीजों, विशेष रूप से जीवन रक्षक और आवश्यक दवाओं तक नियमित पहुंच पर निर्भर समूहों को गंभीर असुविधा हो सकती है, साथ ही महत्वपूर्ण मेडिकल आपूर्ति श्रृंखला भी प्रभावित हो सकती है. इसे समझते हुए कई खुदरा फार्मेसी संघों ने स्थिति की समीक्षा की और नियामक की रचनात्मक प्रतिक्रिया पर संतोष व्यक्त किया.



