
बाघ के हमले से महिला की मौत, विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की घटना
- मुख्यमंत्री ने हादसे पर जताया दु:ख, मृतक के परिजन को आर्थिक सहायता के दिए निर्देश
Bhopal : मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा रेंज क्षेत्र में शनिवार की रात एक बाघ ने घर में घुसकर हमला कर दिया, जिसमें एक महिला की मौत हो गई और चार अन्य लोग घायल हो गए। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे पर दुख व्यक्त कर मृतक के परिजनों को 25 लाख रुपये आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।
उमरिया जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा रेंज के ग्राम खेरवा टोला निवासी महिला फूल बाई पाल (48) पत्नी पहलू पाल शनिवार-रविवार की दरमियानी रात अपने घर में सो रही थी। रात करीब तीन बजे बाघ ने घर में घुसकर महिला पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बाघ के हमले में दशईया पाल समेत चार लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद काफी देर तक महिला का शव घर के अंदर पड़ा रहा और बाघ आसपास ही मौजूद था।

ग्रामीणों की सूचना पर रविवार सुबह वन विभाग की टीम गांव पहुंची, जिसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर इंदवार पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से क्षेत्र में बाघ की गतिविधियां बढ़ी हुई हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए।
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई है। गुस्साए ग्रामीणों ने पनपथा रेंजर प्रतीक श्रीवास्तव के साथ मारपीट कर दी, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आईं और सिर पर भी चोट लगी है। किसी तरह उन्हें वहां से बाहर निकाला गया। इसी दौरान महिला रेंजर अंजू वर्मा को भी ग्रामीणों ने घेर लिया और उनके साथ धक्का-मुक्की व मारपीट की गई। बाद में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्थिति काे संभालनं की काेशिश की।




