
शहीद उप निरीक्षक भूपाल सिंह को दी गई श्रद्धांजलि
लातेहार:32वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) द्वारा गुरुवार को शहीद उप निरीक्षक (सामान्य) स्वर्गीय भूपाल सिंह, कीर्ति चक्र (मरणोपरांत) के शहादत दिवस पर वाहिनी मुख्यालय, लातेहार परिसर में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया।समारोह में कमांडेंट राजेश सिंह सहित अन्य अधिकारियों और जवानों ने शहीद के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान शहीद के जीवन और वीरता से जुड़े प्रसंगों को साझा किया गया तथा उनकी स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।कमांडेंट श्री सिंह ने अपने संबोधन में शहीद भूपाल सिंह के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और नेतृत्व क्षमता को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन हर जवान के लिए प्रेरणा है। उन्होंने उपस्थित जवानों से शहीद के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।उल्लेखनीय है कि वर्ष 2009 में चुनाव ड्यूटी के दौरान असम के एनसी हिल्स क्षेत्र में तैनाती के समय उप निरीक्षक भूपाल सिंह पर विद्रोहियों ने घात लगाकर हमला किया था। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने साहस के साथ मोर्चा संभालते हुए अपने साथियों का नेतृत्व किया और हमलावरों को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया।मुठभेड़ के दौरान गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया।उनकी वीरता के सम्मान में उन्हें वर्ष 2010 में गणतंत्र दिवस के अवसर पर मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया था।कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों और जवानों ने शहीद को नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।





