
डाल्टेनगंज से अपहृत युवक का मर्डर, जांच में जुटी पुलिस
Palamu : शहर थाना क्षेत्र के रेड़मा समदा आहर निवासी विनोद तिवारी के पुत्र विनीत तिवारी उम्र 32 वर्ष की अपराधियों ने हत्या कर दी।मालूम हो कि शनिवार की शाम करीब 7:00 बजे विनीत तिवारी अपने घर के पास टहल रहे थे।इसी बीच अपराधी वहां पहुंचे और उनका अपहरण कर लिया। अपहरण होने के बाद परिजनों के द्वारा अपहरण से संबंधित मामला शहर थाना में दर्ज कराया गया था। इसके बाद पुलिस अपहरण कर्ताओं की खोजबीन में जुट गई थी।

इसी बीच रविवार की सुबह पुलिस को पता चला कि अपहरण कर्ताओं ने विनीत तिवारी की हत्या कर उसके शव को सदर थाना क्षेत्र के जोरकट गांव बाबा ढाबा होटल के समीप फेंक दिया है।
घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी राजीव रंजन,शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार और सदर थाना प्रभारी लालजी कुमार घटनास्थल पर पहुंचकर घटना से संबंधित मामले की छानबीन में जुट गए हैं। वही इस हत्या के बाद से परिजनों में काफी आक्रोश उत्पन्न है।



