
अभिराम कॉलेज में दुर्गा पूजा पर गरबा महोत्सव की धूम, पारंपरिक परिधानों में झूमे छात्र

Latehar : अभिराम कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड फार्मेसी, हुटाप (चंदवा) में दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर भव्य गरबा एवं डांडिया उत्सव का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास व धूमधाम के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के गणमान्य अतिथियों द्वारा मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन कर किया गया।
महोत्सव के दौरान कॉलेज परिसर भक्ति और उमंग के रंगों में सराबोर नजर आया। नर्सिंग और फार्मेसी विभाग के छात्र-छात्राएं पारंपरिक गुजराती व राजस्थानी परिधानों में सज-धजकर पहुंचे और गुजराती लोकधुनों, भक्ति भजनों व डांडिया गीतों की ताल पर देर तक थिरकते रहे। शिक्षकों व अन्य कर्मचारियों ने भी डांडिया रास में शामिल होकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के समापन पर सर्वश्रेष्ठ डांडिया नृत्य और सर्वश्रेष्ठ पारंपरिक परिधान श्रेणी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। कॉलेज प्रबंधन ने इस सफल आयोजन की सराहना करते हुए सभी विद्यार्थियों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं और कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों में अपनी परंपराओं के प्रति जुड़ाव और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।





