
परिवार को जोड़ने का माध्यम बना ‘मूवी डे’: प्राचार्य उत्तम कुमार मुखर्जी
लातेहार: “परिवार के साथ आनंद की अनुभूति और परिवार की मजबूती” थीम पर आधारित मूवी डे का आयोजन बुधवार को सरस्वती विद्या मंदिर, लातेहार में किया गया। विद्यालय के प्ले स्कूल खंड ‘शिशु वाटिका’ द्वारा “शिशु वाटिका थिएटर” के नाम से आयोजित यह कार्यक्रम अपने उद्देश्य में सफल रहा।
विद्यालय के प्राचार्य उत्तम कुमार मुखर्जी ने बताया कि आधुनिकता की दौड़ में परिवार के सदस्य अपनी-अपनी पसंद और व्यस्तताओं में अलग होते जा रहे हैं, जिससे परिवार की एकजुटता प्रभावित हो रही है। इसी कमी को दूर करने के उद्देश्य से मूवी डे का आयोजन किया गया, ताकि परिवार एक साथ समय बिताकर आनंद की अनुभूति कर सके।कार्यक्रम के दौरान कक्षा नर्सरी से द्वितीय तक के बच्चों ने अपने माता-पिता के साथ “स्टुअर्ट लिटिल” मूवी का आनंद लिया। विद्यालय के श्रीकृष्ण चंद्र गांधी वातानुकूलित ऑडिटोरियम में फिल्म का प्रदर्शन किया गया। पूरे ऑडिटोरियम को शहरों के आधुनिक थिएटर की तर्ज पर सजाया गया था। बुकिंग काउंटर से लेकर कैंटीन तक विशेष सजावट और व्यवस्थाएं की गई थीं।कार्यक्रम की खास बात यह रही कि पूरी व्यवस्था की जिम्मेदारी कक्षा तृतीय और चतुर्थ के चयनित छात्र-छात्राओं ने संभाली। शिक्षकों के मार्गदर्शन में बच्चों ने टिकट बिक्री से लेकर कैंटीन में पॉपकॉर्न और देसी कोल्ड ड्रिंक के लेखा-जोखा तक की जिम्मेदारी निभाई।आयोजन को लेकर अभिभावकों में भी खासा उत्साह देखा गया। अभिभाविका सोनम कुमारी, भानु प्रिया, खुशबू कुमारी, सपना कुमारी, अनिता कुमारी, सुप्रिया रागनी, खुशबू पांडे एवं रंजन कुमार सहित अन्य अभिभावकों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यालय में समय-समय पर होने चाहिए, ताकि बच्चों में मनोरंजन के साथ-साथ परिवार और संस्कारों के महत्व की मजबूत नींव रखी जा सके।कुछ अभिभावकों ने कहा कि वर्षों पहले लातेहार में मानमती चित्र मंदिर और सोनम टॉकीज जैसे थिएटर हुआ करते थे। विद्यालय के इस आयोजन ने उन्हें पुराने दिनों की याद ताजा कर दी।कार्यक्रम को सफल बनाने में शिशु वाटिका प्रमुख गीता कुमारी, सह-प्रमुख शिल्पा कुमारी, नीलम अंबस्टा, पूनम कुमारी, शशिकांत पांडे, लाल बहादुर राम, सलमान होजाइसा, नीलम कुमारी एवं रुबी कुमारी सहित अन्य शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।





