Palamu DC ने मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल का किया औचक निरीक्षण
Palamu : मेदिनीराय मेडिकल कॉलेजे अस्पताल में तमाम लापरवाही की सूचना मिलने के बाद उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने मंगलवार को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया.

अस्पताल में कई जगह अव्यवस्था मिलने पर डीसी ने सख्त नाराजगी जतायी और संबंधित कर्मियों को अपनी कार्यशैली में सुधार लाने की चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि अस्पताल में मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।निरीक्षण के दौरान डीसी ने इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली. उन्होंने दवाओं की उपलब्धता, डॉक्टरों की उपस्थिति और इलाज व्यवस्था के बारे में फीडबैक लिया.
इमरजेंसी वार्ड में जरूरत से ज्यादा लोगों की भीड़ देखकर डीसी ने गहरी नाराजगी जतायी. उन्होंने बिना कारण वार्ड में मौजूद लोगों को फटकार लगाते हुए कहा कि अस्पताल परिसर में अनुशासनहीनता किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जायेगी. उन्होंने कहा कि वार्डों में मरीजों से अधिक परिजनों और अटेंडेंट की भीड़ रहने से डॉक्टरों को इलाज करने में परेशानी होती है।डीसी ने अस्पताल के ड्यूटी रोस्टर और उपस्थिति रजिस्टर की जांच की. इस दौरान उन्होंने कई कर्मियों को निर्धारित समय तक ड्यूटी पर मौजूद रहने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि अस्पताल की कार्यप्रणाली में सुधार लाना जरूरी है और सभी कर्मियों को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभानी होगी.
पत्रकारों से बातचीत में डीसी ने कहा कि एमएमसीएच का यह उनका दुसरी बार निरीक्षण है और उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं को करीब से देखा है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि आगे भी अस्पताल की कार्यप्रणाली और सुविधाओं में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो लापरवाह अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जायेगी।




