Palamu : मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय के छात्रों ने NEET UG-2026 में लहराया परचम, गौरवान्वित हुआ पलामू

Palamu : मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय (जिला स्कूल), मेदिनीनगर के विद्यार्थियों ने NEET UG-2026 में शानदार सफलता हासिल कर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। सरकारी विद्यालय में अध्ययनरत तीन विद्यार्थियों की इस उपलब्धि ने यह संदेश दिया है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, योग्य शिक्षकों के मार्गदर्शन, अनुशासित अध्ययन और निरंतर परिश्रम के बल पर सरकारी विद्यालयों के छात्र भी देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में उल्लेखनीय सफलता अर्जित कर सकते हैं।

विद्यालय के छात्र ऋषि राज आनंद (पिता–यमुना प्रजापति) ने 594 अंक प्राप्त करते हुए ऑल इंडिया रैंक (AIR) 11,995 हासिल की। वहीं शुभम कुमार गुप्ता (पिता–रमेश कुमार गुप्ता) ने 506 अंक के साथ AIR 82,065 प्राप्त किया तथा अविक पांडेय (पिता–राघवेंद्र पांडेय) ने 505 अंक अर्जित कर AIR 83,481 हासिल की। तीनों विद्यार्थियों की सफलता मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय (जिला स्कूल) की शैक्षणिक गुणवत्ता एवं विद्यार्थियों की लगन का प्रमाण है।

इन विद्यार्थियों की उपलब्धि न केवल उनके परिवार और विद्यालय के लिए गर्व का विषय है, बल्कि पूरे पलामू जिले के लिए प्रेरणादायी है। यह सफलता उन हजारों छात्र-छात्राओं में भी नया आत्मविश्वास पैदा करेगी, जो सरकारी विद्यालयों में अध्ययन कर अपने भविष्य के बड़े सपने संजोए हुए हैं।

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने तीनों सफल विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे पलामू के लिए गौरव का विषय है। सरकारी विद्यालय के विद्यार्थियों ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो, मेहनत ईमानदारी से की जाए और शिक्षकों का उचित मार्गदर्शन मिले, तो सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने कहा कि इन विद्यार्थियों की सफलता जिले के अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा बनेगी और उन्हें भी बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने का आत्मविश्वास देगी।

उपायुक्त श्री शेखावत ने कहा कि जिला प्रशासन सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर शैक्षणिक वातावरण तथा विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के लिए तैयार करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय जैसे संस्थानों में विकसित हो रहा शैक्षणिक माहौल अब परिणामों के रूप में सामने आ रहा है। आने वाले वर्षों में पलामू के और अधिक विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर जिले का नाम रोशन करेंगे, ऐसा विश्वास है।डीसी श्री शेखावत ने तीनों विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों, विद्यालय परिवार एवं शिक्षकों को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!