
पड़वा में रहस्यमयी बीमारी से एक और युवती की मौत, 3 की हालत गंभीर
Palamu :.पलामू जिले के पड़वा प्रखंड के सिक्का गांव में रहस्यमयी बीमारी से मौतों का सिलसिला जारी है। पिता कुलदीप महतो और उनकी बेटी बबीता कुमारी की मौत के बाद अब परिवार की इंदु कुमारी ने भी शनिवार को दम तोड़ दिया। वहीं कुलदीप महतो की पत्नी लाखो देवी, बहू श्वेता और बेटा नकुल महतो गंभीर रूप से बीमार हैं।

सभी के शरीर में सूजन की शिकायत है।स्वास्थ्य विभाग ने सभी मरीजों को बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर किया था, लेकिन परिजन इलाज के बजाय रमकंडा थाना क्षेत्र में एक ओझा के पास झाड़-फूंक करा रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार अब तक मरीजों की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ है। दो मौतों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सिक्का गांव में विशेष मेडिकल कैंप लगाकर ग्रामीणों के ब्लड सैंपल लिए हैं और मृतक परिवार के खान-पान समेत अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है और बीमारी के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। करीब 1500 की आबादी वाले इस गांव में लगातार हो रही मौतों से दहशत का माहौल है। स्वास्थ्य विभाग लोगों से अंधविश्वास छोड़कर गंभीर मरीजों को तत्काल अस्पताल ले जाने की अपील कर रहा है।
घटना के बाद अस्पताल पुलिस चौकी ने शव को कब्जे में लेकर शनिवार की सुबह करीब 10 बजे अंत्यपरीक्षण के लिए भेज दिया है। जहां अंत्यपरीक्षण के बाद शव परिजनों को सौप दिया जायेगा।




