लोहे की प्लेटों से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलटा, चालक समेत तीन घायल

Latehar: चंदवा थाना क्षेत्र के लुकइया मोड़ से लोहरदगा रोड स्थित चांपी पथ पर लोहे की प्लेट लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक समेत तीन लोग ट्रक के केबिन में बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलते ही युवा समाजसेवी सह झारखंड मुक्ति मोर्चा लातेहार अल्पसंख्यक उपाध्यक्ष मोहम्मद नौशाद आलम (नौशाद अंसारी) मौके पर पहुंचे और तत्काल गैस कटर की व्यवस्था कर रेस्क्यू अभियान शुरू कराया।

घटना की जानकारी मिलते ही चंदवा थाना प्रभारी अशोक सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक के क्षतिग्रस्त केबिन को काटकर चालक, खलासी समेत तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

घायल चालक धर्मेंद्र कुमार (23 वर्ष), पिता उदय यादव, ग्राम जबड़ा, जिला चतरा ने बताया कि वह राउरकेला से लोहे की प्लेट लेकर आ रहा था। चांपी घाटी में अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रक सड़क किनारे पलट गया। हादसे के समय ट्रक में सवार रामधारी यादव (40 वर्ष), पिता जगदेव यादव, इटखोरी (चतरा) तथा सत्येंद्र यादव (22 वर्ष), पिता महावीर यादव, छतरपुर (पलामू) भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों ने रास्ते में ट्रक से लिफ्ट ली थी।
रेस्क्यू के बाद तीनों घायलों को तत्काल चंदवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया।बचाव अभियान में मोहम्मद नौशाद आलम, शमशाद आलम, इरशाद, दिलशाद, अंकित, राजेश, आर्यन पांडेय, अभिषेक समेत कई स्थानीय युवाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं चंदवा पुलिस की तत्परता और स्थानीय लोगों के सहयोग से एक बड़ा हादसा टल गया।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!