
ट्रैफिक प्रभारी ने वाहनों पर स्लोगन लिखने वालों पर की कार्रवाई
वाहनों पर जाति आधारित स्लोगन लिखने पर होगी कार्रवाई, ट्रैफिक प्रभारी
Palamu : ट्रैफिक प्रभारी सत्येंद्र कुमार दुबे के नेतृत्व में छह मुहान चौक के पास बुधवार को सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।वाहन चेकिंग अभियान के दौरान वाहनों पर जाति,धर्म,पुलिस प्रेस,आर्मी स्लोगन लिखा हुआ स्टीकर को हटाया गया। इस अभियान से वाहन चालकों में हड़कंप मचा हुआ है।बताते चले की शहर में यातायात पुलिस के चालान से बचने के लिए कई लोग सरकारी विभाग,जाति ,धर्म, प्रेस व आर्मी के स्लोगन स्टीकर लगाकर बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के यातायात नियमों की अवहेलना कर रहे हैं।

ऐसे लोगों को सबक सिखाने के लिए ट्रैफिक प्रभारी सत्येंद्र दुबे ने अभियान चला कर वाहनों में लगे स्टीकर को उखाड़ फेंकने का काम किया है।ट्रैफिक पुलिस की ओर से ऐसे लोगों पर चढ़ी खुमारी को उतारा गया और मौके पर ही गाड़ी पर लगे स्लोगन स्टीकर को हटाए गए।
मौके पर उपस्थित ट्रैफिक प्रभारी सत्येंद्र दुबे ने बताया कि आजकल वाहनों पर आर्मी,पुलिस,प्रेस और तरह-तरह के स्लोगन लिखा हुआ स्टिकर लगाकर लोग यातायात के नियमों की अवहेलना कर रहे है।इसी को लेकर अभियान चलाकर ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने वाहन चालकों से आग्रह किया है कि लोग अपने वाहन में किसी भी तरह के जाति धर्म पुलिस प्रेस और आर्मी का स्लोगन स्टीकर ना लगाए जिससे कि पुलिस को कार्रवाई करना पड़े। उन्होंने कहा कि यदि लोग अपने वाहनों में इस तरह का स्लोगन लिखा स्टिकर लगाकर चलेंगे तो उनके ऊपर कारवाई की जाएगी और वाहनों पर फाइन किया जाएगा।
मौके पर ट्रैफिक पुलिस के जवान हरेंद्र कुमार, धर्मेंद्र कुमार, शीतल प्रजापति सहित अन्य ट्रैफिक पुलिस के जवान मौजूद थे।




