पलामू चेंबर ने मेदिनीनगर शहर की विभिन्न समस्याओं को लेकर की बैठक, लिए गए कई अहम निर्णय

Palamu : पलामू चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की शनिवार को होटल ज्योतिलोक के सभागार में एक बेहद महत्वपूर्ण और विशेष बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता पलामू चेंबर के अध्यक्ष आनंद शंकर और संचालन सचिव इंद्रजीत सिंह डिंपल ने किया। बैठक में झारखंड चैंबर के रीजनल उपाध्यक्ष रिंकू दुबे की गरिमामयी उपस्थिति के साथ ही भारी संख्या में चेंबर के सदस्यों ने भाग लिया।

बैठक में शहर की गंभीर समस्याओं पर जताई गई चिंता

बैठक में शहर की सबसे गंभीर समस्या : बढ़ते ट्रैफिक, बेतरतीब एंक्रोचमेंट (अतिक्रमण) और दुकानों के सामने सैकड़ों की संख्या में अवैध रूप से लग रहे ठेले-खोमचे पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए सर्वसम्मति से कई बड़े फैसले लिए गए। चैंबर के सदस्यों का मानना था कि इससे न सिर्फ स्थानीय दुकानदारों का व्यवसाय बुरी तरह बाधित हो रहा है, बल्कि मुख्य बाजारों में आगजनी जैसी किसी अनहोनी की स्थिति में दमकल की गाड़ियों तक का पहुंचना असंभव हो गया है। जिससे पूरा बाजार जलकर खाक होने का खतरा हमेशा बढ़ता जा रहा है।

चौक-चौराहों से अतिक्रमण हटाने का लिया गया निर्णय

बैठक में चेंबर ने कड़ा निर्णय लिया कि एक बार पुनः शासन-प्रशासन से मिलकर मुख्य मार्गों से हर तरह के एंक्रोचमेंट को तुरंत हटाने का अनुरोध किया जाएगा। यदि इस पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो चेंबर व्यापारियों व आम जनता के हित में उच्च न्यायालय में जनहित याचिका (PIL) दायर करने के लिए बाध्य होगा।

डीजीपी तदाशा मिश्रा को दी गई बधाई

बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु जल्द ट्रैफिक डीएसपी की बहाली करने के लिए डीजीपी तदाशा मिश्रा का आभार जताते हुए उन्हें बधाई दी गई।

नो वेंडर जोन घोषित करने पर महापौर अरुणा शंकर को दी गई बधाई

बैठक में चेंबर के अनुरोध पर कई मुख्य मार्गों को बोर्ड की बैठक से ‘नो वेंडर जोन’ घोषित करने के लिए महापौर अरुणा शंकर को भी धन्यवाद व बधाई दी गई।

बैठक में इनकी रही गरिमामई उपस्थिति

बैठक के दौरान चेंबर के वरिष्ठ साथियों कृष्ण अग्रवाल, अविनाश वर्मा, राजदेव उपाध्याय, विनय सिंह, अमित जायसवाल और राकेश सोनी ने भी शहर के विकास और सुरक्षा को लेकर अपने बहुमूल्य विचार साझा किए।

पलामू के महत्वपूर्ण हस्तियों के निधन पर किया गया शोक प्रकट

पलामू चेंबर परिवार ने चैनपुर निवासी समाजसेवी काशी प्रसाद, चर्च रोड के प्रतिष्ठित व्यवसायी प्रेम श्रीवास्तव, डॉ. रवीश के पूजनीय पिताजी, पूर्व वार्ड पार्षद इंद्रदेव राम के सुपुत्र एवं ईश्वरी पांडे के सुपुत्र आकाश पांडे के आकस्मिक व असमय निधन पर गहरा शोक प्रकट किया। सभी सदस्यों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और इस दुःख की घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!