सिकनी पेट्रोल पंप पर फायरिंग मामले में तीन गिरफ्तार, हथियार व कारतूस बरामद

Latehar जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के सिकनी स्थित एक पेट्रोल पंप पर 23 अक्टूबर को हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक लोहरा, पीयूष उरांव और जितेंद्र यादव उर्फ राहुल यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप कुमार गुप्ता ने प्रेस वार्ता आयोजित कर बताया कि पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि दीपक लोहरा अपने कुछ साथियों के साथ हथियार लेकर ग्राम आन स्थित श्मशान घाट के पास बैठा है। सूचना के अनुसार, आरोपी सिकनी स्थित रंजन लाल शाहदेव के पेट्रोल पंप से रंगदारी वसूलने के लिए दोबारा गोलीबारी करने की योजना बना रहे थे।

उन्होंने बताया कि दीपक लोहरा गिरोह पर 23 अक्टूबर को भी रंगदारी की मांग को लेकर पेट्रोल पंप पर फायरिंग करने का आरोप है। सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने ग्राम आन स्थित श्मशान घाट पर छापेमारी कर तीनों आरोपियों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने सिकनी पेट्रोल पंप पर गोलीबारी करने की बात स्वीकार की है। इस मामले में चंदवा थाना कांड संख्या 194/2026, दिनांक 27 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 111(3), 111(4), 308(3), 308(4) एवं 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-8), 26 और 35 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

छापेमारी दल में एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता के अलावा पुलिस निरीक्षक सह चंदवा थाना प्रभारी मनोरंजन प्रसाद सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक अजीत कुमार एवं पवन कुमार, सहायक अवर निरीक्षक हरिलाल उरांव तथा चंदवा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार दीपक लोहरा और पीयूष उरांव के खिलाफ लातेहार एवं चंदवा थाना क्षेत्रों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!