जमीन विवाद में बड़े भाई ने की छोटे भाई की हत्या
Ranchi : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बोदरा चौक के पास जमीन विवाद में एक भाई ने अपने ही छोटे भाई की कथित तौर पर हत्या कर दी। सोमवार को हुई इस घटना में 36 वर्षीय राकेश कालुंडिया की मौत हो गई। आरोप है कि जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद के दौरान बड़े भाई अनिल कालुंडिया ने राकेश के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण राकेश ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपित अनिल कालुंडिया को हिरासत में ले लिया है।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, कालुंडिया परिवार में पिछले कई दिनों से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार को इसी मामले को सुलझाने के लिए चारों भाई और उनकी मां एक साथ बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान राकेश और उसके बड़े भाई अनिल के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि अनिल ने लोहे की रॉड से राकेश के सिर पर वार कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल राकेश की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के भाई गणेश कालुंडिया और भाभी सुशांति कालुंडिया ने बताया कि चार भाइयों में अनिल सबसे बड़ा, जबकि राकेश सबसे छोटा था। दोनों भाइयों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। परिजनों ने राकेश के नशे का आदी होने और अक्सर मारपीट पर उतारू हो जाने की बात भी कही है। हालांकि, सोमवार को हुई घटना का प्रमुख कारण जमीन विवाद बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव से संबंधित आवश्यक कार्रवाई करते हुए आरोपी अनिल कालुंडिया को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है। इस घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है।




