पलामू में निर्वाद्ध रूप से पेयजल और बिजली आपूर्ति को लेकर D.C. ने कई परियोजनाओं का किया निरीक्षण

  • डीसी ने शहरी पेयजलापूर्ति परियोजना फेज-02 एवं ग्रिड सब स्टेशन कार्यों का लिया जायजा, दिए सख्त निर्देश

Palamu : पलामू जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत संचालित शहरी पेयजलापूर्ति परियोजना फेज-02 के विभिन्न निर्माणाधीन कार्यों का स्थल निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित एजेंसियों एवं पदाधिकारियों को कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त श्री शेखावत सर्वप्रथम कोयल नदी में निर्माणाधीन इंटकवेल स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जिस गति से कार्य होना चाहिए, उस स्तर पर कार्य नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में मानसून शुरू होने के बाद कार्य करने में कठिनाई उत्पन्न हो सकती है। ऐसी स्थिति में सभी संबंधित एजेंसियां युद्ध स्तर पर कार्य करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाना सुनिश्चित करें।

इसके उपरांत उपायुक्त ने रेड़मा स्थित निर्माणाधीन पानी टंकी का निरीक्षण किया तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की जानकारी ली। वहीं बाइपास रोड स्थित हाउसिंग कॉलोनी परिसर में निर्माणाधीन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट एवं जलमीनार निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित एजेंसी एवं जुडको के प्रतिनिधियों को योजना का नियमित मॉनिटरिंग करने तथा प्रत्येक चरण की सतत समीक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि मेदिनीनगर शहर में आम जनता को पेयजल संकट से राहत दिलाने के उद्देश्य से इस महत्वपूर्ण परियोजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना शहर के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा इसके पूर्ण होने से हजारों परिवारों को नियमित एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सितंबर 2026 तक इस योजना को पूर्ण करने के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।

उन्होंने जुडको कंपनी के पदाधिकारियों एवं कार्य एजेंसी को कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने की चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य की गुणवत्ता एवं समय-सीमा से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

इसी क्रम में उपायुक्त ने 132/33 केवी ग्रिड सब स्टेशन, सुदना पहुंचकर तीसरे पावर ट्रांसफार्मर की अधिष्ठापन हेतु किये जा रहे फाउंडेशन निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को अगले दो माह के भीतर फाउंडेशन कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि तीसरे पावर ट्रांसफार्मर के स्थापित हो जाने से मेदिनीनगर एवं आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के पदाधिकारी, जुडको के प्रतिनिधि एवं कार्य एजेंसी के कर्मी उपस्थित थे।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!