
श्री बंशीधर नगर राजा पहाड़ी शिव मंदिर परिसर में अवैध वसूली का हुआ खुलासा
Gadhwa : श्री बंशीधर नगर शहर के पुरनानगर स्थित प्रसिद्ध राजा पहाड़ी शिव मंदिर परिसर में वाहनों व दुकानों से कथित अवैध वसूली का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। सीओ के द्वारा एसडीओ को सौंपे गये जांच प्रतिवेदन में कई गंभीर अनियमितताओं का खुलासा हुआ है।
रिपोर्ट के अनुसार मंदिर के मुख्य गेट के पास गैरमजरूआ भूमि पर बिना किसी वैध भंडारण अनुमति के बालू और गिट्टी जमा कर ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा है।जांच में पाया गया कि इस तरह के स्टॉक और बिक्री के लिये संबंधित विभाग से कोई अनुमति नहीं ली गई है। जांच प्रतिवेदन में यह भी सामने आया कि मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार पर कुछ व्यक्तियों द्वारा आने-जाने वाले वाहनों से अवैध वसूली की जा रही है।आरोप है कि यह राशि मंदिर प्रबंधन समिति के खाते में जमा न कर सीधे निजी खातों के स्कैनर (क्यूआर कोड) के माध्यम से वसूली जा रही है। इतना ही नहीं मंदिर परिसर में बनी दुकानों का किराया भी कथित रूप से व्यक्तिगत खातों में लिया जा रहा है।

श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से चंदे के नाम पर वसूली गई रकम भी मंदिर समिति के अधिकृत खाते में जमा नहीं होने की बात जांच में सामने आई है।रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि पुरनानगर स्थित यह मंदिर श्री बंशीधर नगर नगर पंचायत के अधिकार क्षेत्र में आता है। साथ ही नगर पंचायत ने भी स्पष्ट किया है कि किसी भी व्यक्ति को वाहन शुल्क या दुकान किराया वसूलने के लिये अधिकृत नहीं किया गया है।
उधर इस खुलासे के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। अब सभी की नजर अनुमंडल प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है कि अवैध वसूली में शामिल लोगों पर क्या कदम उठाये जाते हैं।




