6 अपराधी गिरफ्तार, हथियार और कार बरामद, जुगसलाई गोलीबारी मामले में हुई करवाई

Ranchi  : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित नगर परिषद बाजार में यूनिक कलेक्शन कपड़ा दुकान पर हुई फायरिंग मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मनीष सिंह गैंग से जुड़े छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई कार, चार अवैध देसी पिस्तौल, पांच जिंदा कारतूस, तीन खाली मैगजीन, एक खोखा और छह एंड्रायड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

मामले का खुलासा बुधवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में नगर पुलिस अधीक्षक (सीटी एसपी) ललित मीणा ने किया। उन्होंने बताया कि घटना को रंगदारी और इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से अंजाम दिया गया था।

सिटी एसपी ने बताया कि 15 मई को कुछ अपराधी वैगनआर कार से जुगसलाई पहुंचे थे। आरोपितों ने यूनिक कलेक्शन कपड़ा दुकान पर अंधाधुंध फायरिंग की थी ताकि इलाके में भय का माहौल बनाया जा सके और गैंग का वर्चस्व कायम हो सके।

प्राथमिक जांच में सामने आया कि दुकान संचालक से रंगदारी की मांग की गई थी और रकम नहीं देने पर इस वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी और व्यापारियों में भय का माहौल बन गया था।

घटना के बाद जुगसलाई थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था तौकीर आलम के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने मामले की जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपितों की पहचान की। लगातार निगरानी और छापेमारी के बाद 19 मई को शहर के अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल सभी छह अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपितों में अभिषेक श्रीवास्तव उर्फ आर्यन, राहुल कुमार उर्फ राहुल सिंह उर्फ बड़कू, हरप्रीत सिंह भामराह उर्फ हैप्पी, राहुल सिंह उर्फ गेटलू, अंकित सोनकर उर्फ अंकित खटीक और बानेश्वर नामता शामिल हैं।

पुलिस पूछताछ में सभी आरोपितों ने मनीष सिंह गिरोह से जुड़े होने और फायरिंग की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!